लखनऊ। उत्तर प्रदेश में साल 2022 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में तमाम राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीतियां तैयार करना शुरू कर दिया है। इसी बीच सुहेलदेवभारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने साल 2017 में भाजपा के साथ किए गए गठबंधन को लेकर एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ की गई बातचीत का जिक्र किया।
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि साल 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी पार्टी ने भाजपा से गठबंधन इसलिए किया था क्योंकि अमित शाह ने उनसे भाजपा की सरकार बनने पर केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था। आपको बता दें कि साल 2017 में भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 384 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे। जिनमें से उन्हें 312 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। हालांकि भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को कुल 325 सीटें मिली थीं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भाजपा ने योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया। जबकि केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा को उपमुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपी गईं थीं। इस बार का चुनाव भाजपा योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर लड़ने वाली है।ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को जिले के रसड़ा स्थित पार्टी कार्यालय पर संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि योगी साधु बाबा हैं। उन्हें मठ-मंदिर में रहना चाहिए। वह वहीं अच्छे लगते हैं। दरअसल, योगी आदित्यनाथ कोई नेता नहीं हैं। नेता तो सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा मुखिया मायावती हैं।