दो भाइयों का अपहरण कर उन्हें निवाड़ी के जंगल में ले जाकर हत्या की कोशिश

 मोदीनगर : दो भाइयों का अपहरण कर उन्हें निवाड़ी के जंगल में ले जाकर हत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है। घटना होली की दोपहर की है। आरोपितों के हमले से एक के सिर पर भी चोट आई है, जबकि एक पीड़ित का कान कट गया है। मामले में पीड़ित ने निवाड़ी थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद से ही परिवार के लोग सहमे हैं।

निवाड़ी के शीलचंद्र व्यापारी हैं। उनकी निवाड़ी मार्ग पर ही दुकान है। उनका बेटा हर्ष अपने चाचा के बेटे निखिल के साथ होली पर पतला जा रहा था। इस बीच जब वे दोनों रजवाहे के पास पहुंचे तो वहां पहले से खड़े कुछ दबंगों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर आरोपित दोनों भाइयों का अपहरण कर उन्हें पास के ही ईख के खेतों में ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला किया। पीड़ित भाइयों के शोर पर वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपित फरार हो गए।

पुलिस ने दोनों भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया। उनके स्वजन भी अस्पताल पहुंचे। मामले में शनिवार को निखिल ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। नितिन के मुताबिक, आरोपितों का इरादा उन्हें जान से मारने का था। वे शराब के नशे में थे। सभी के पास धारदार हथियार थे। यदि लोग समय पर नहीं आते तो आरोपित उनकी हत्या कर देते। वहीं, मामले में निवाड़ी थाना प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच चल रही है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपितों की जल्द ही गिरफ्तारी होगी।