यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध का आज 21वां दिन है और यूक्रेन में स्थिति नाजुक बनी हुई है क्योंकि वहां पर अभी भी बमबारी जारी है। रूसी सेना से घिरे यूक्रेनी शहरों में मानवीय स्थिति और अधिक विकट हो गई है, यूक्रेन और रूस के बीच महायुद्ध लगातार जारी हैं। रूस दिन पर दिन यूक्रेन के खिलाफ आक्रामक होता जा रहा है। युद्ध के 20वें दिन रूस ने यूक्रेन के शहर खारकीव में भयंकर तबाही मचाई हैं। रूस लगातार खारकीव पर बमबारी कर रहा है। कीव में भी लगातार एयर स्ट्राइक हमले को लेकर सायरन बजाए जा रहे हैं और लोगों को सुरक्षित जहगों पर जाने की चेतावनी दी जा रही हैं। ताजा अपडेट के अनुसार लगातार हो रहे रूसी हमलों में कीव में एक अमेरिकी पत्रकार की मौत हो गयी है।।
Live Blog
Today 14:34 | प्रयासों के बाद भी भारत में सड़क दुर्घटनाओं में अपेक्षित कमी नहीं आयी : गडकरीराज्यसभा में बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अफसोस जताया कि विभिन्न उपायों के बाद भी भारत में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में अपेक्षित कमी नहीं आयी है और अब भी ऐसे हादसों में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु हो रही है। गडकरी ने उच्च सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूरक सवालों का जवाब देते हुए यह टिप्पणी की। |
Today 11:35 | अमेरिकी सीनेट में युद्ध अपराधों के लिए पुतिन की जांच कराने वाला प्रस्ताव पारितअमेरिकी सीनेट ने यूक्रेन पर हमले को लेकर युद्ध अपराधों के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके प्रशासन की जांच कराने की मांग करने वाले एक प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया। सीनेटर लिंडसे ग्राहम के प्रस्ताव में कहा गया है कि सीनेट पुतिन के निर्देश पर रूसी सैन्य बलों द्वारा किए जा रहे ‘‘मानवता के खिलाफ हिंसा, युद्ध अपराधों, अपराधों’’ की कड़ी निंदा करती है। यह प्रस्ताव संभावित युद्ध अपराधों के लिए अंतरराष्ट्रीय आपराधिक अदालतों को पुतिन, उनकी सुरक्षा परिषद और सैन्य नेताओं की जांच कराने के लिए प्रेरित करता है। |
Today 10:48 | यूक्रेन को समझौते की उम्मीद, 20 हजार लोग मारियुपोल छोड़कर गएकीव और मारियुपोल पर रूस की बढ़ती बमबारी के बावजूद यूक्रेन ने कहा कि उसे रूस के साथ वार्ता में समझौते की गुंजाइश नजर आती है। इस बीच, रूसी सेना से घिरे यूक्रेन के मारियुपोल से एक मानवीय गलियारे के जरिए करीब 20,000 लोगों ने बंदरगाह शहर छोड़ दिया। अभी तक इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने वहां से पलायन नहीं किया था। इस बीच, देश छोड़कर जाने वाले लोगों की संख्या 30 लाख के पार पहुंच गई। यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधिमंडलों के बीच मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई वार्ता के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बुधवार तड़के कहा कि रूस की मांगें ‘‘अपेक्षाकृत अधिक वास्तविक’’ हो रही हैं। दोनों पक्षों के बीच बुधवार को फिर से वार्ता होने की उम्मीद है। जेलेंस्की ने कहा, ‘‘ प्रयासों की अब भी आवश्यकता है, संयम बरतने की जरूरत है। कोई भी युद्ध समझौते से ही खत्म होता है।’’ उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और ‘‘यूक्रेन के सभी मित्रों’’ को 13.6 अरब डॉलर की नई सहायता के लिए धन्यवाद दिया। |
Today 09:53 | भारत का रूस से रियायती दर पर तेल लेना अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं: व्हाइट हाउसव्हाइट हाउस ने कहा है कि भारत का रूस से रियायती दर पर कच्चा तेल लेना अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं माना जाएगा। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने मंगलवार को दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘किसी भी देश के लिए हमारा संदेश यही है कि हमने जो प्रतिबंध लगाए हैं और अनुशंसित किए हैं, उनका पालन करें।’’ भारत द्वारा रियायती दर पर कच्चे तेल की रूसी पेशकश को स्वीकार करने की संभावना वाली एक रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर साकी ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि यह उन (प्रतिबंधों) का उल्लंघन होगा।’’ साकी ने कहा, ‘‘लेकिन इस बात पर गौर करें कि मौजूदा समय के संदर्भ में आप इतिहास में किस तरह दर्ज होना चाहते हैं। रूसी नेतृत्व को समर्थन, एक आक्रमण को समर्थन है, जिसके स्पष्ट रूप से विनाशकारी प्रभाव हैं।’’ भारत ने यूक्रेन पर रूसी आक्रमण का समर्थन नहीं किया है और वह सभी हितधारकों से बातचीत के जरिए मतभेदों को सुलझाने का लगातार आग्रह कर रहा है। |
Today 08:56 | रूस ने यूरोपीय मानवाधिकार परिषद से हटने का फैसला कियारूसी विदेश मंत्रालय का कहना है कि मास्को यूरोप की परिषद से हट रहा है। मंत्रालय ने कहा कि उसने महाद्वीप के प्रमुख मानवाधिकार संगठन को छोड़ने के रूस के फैसले के बारे में औपचारिक नोटिस मंगलवार को यूरोप की परिषद के महासचिव मारिजा पेजसिनोविक बुरिक को सौंप दिया। इसने कहा कि यह कदम यूरोप की परिषद के रूस की सदस्यता को निलंबित करने के 25 फरवरी के फैसले के बाद उठाया गया। मंत्रालय ने आरोप लगाया कि यूरोप की परिषद रूस पर दबाव बनाने का एक साधन बन गई है। |
Today 08:54 | बाइडन यूक्रेन पर चर्चा के लिए यूरोप की यात्रा पर जायेंगे: अमेरिकायूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बारे में यूरोपीय नेताओं के साथ बातचीत के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन अगले सप्ताह यूरोप की यात्रा करेंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बाइडेन 24 मार्च को ब्रसेल्स में उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और यूरोपीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की पिछले हफ्ते पोलैंड और रोमानिया के पूर्वी हिस्से के नाटो देशों की यात्रा के बाद बाइडन यह यात्रा करेंगे। |
Today 08:54 | यूक्रेन में फॉक्स न्यूज के वीडियो पत्रकार की मौतयूक्रेन में फॉक्स न्यूज के एक वीडियो पत्रकार की उस समय मौत हो गई, जब वह कीव के बाहर एक अन्य संवाददाता के साथ यात्रा कर रहे थे और उनका वाहन गोलाबारी की चपेट में आ गया। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने कर्मचारियों को जारी बयान में कहा कि जान गंवाने वाले वीडियोग्राफर पियरे ज़ाक्रज़वेस्की (55) ने फॉक्स न्यूज के लिए इराक, अफगानिस्तान और सीरिया में भी युद्ध को कवर किया था। |
Today 08:53 | रूस ने मानवीय सहायता के लिए संरा के प्रस्ताव पेश कियारूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक प्रस्ताव पेश किया है जिसमें यूक्रेन में “खतरे वाली स्थिति” में फंसे आम लोगों की सुरक्षा तथा मानवीय सहायता एवं देश छोड़कर जा रहे लोगों के लिए सुरक्षित मार्ग की मांग की गई है। हालांकि इस प्रस्ताव में रूस ने यूक्रेन पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। मंगलवार को पेश किये गए इस प्रस्ताव में खराब होती मानवीय स्थिति और यूक्रेन के भीतर तथा बाहर लोगों की मौत पर चिंता जताई गई है। |