रूस और यूक्रेन में जंग की शुरूआत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन की राजधानी कीव समते कई अलग-अलग जगहों पर धमाके सुने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि, कीव पर क्रूज और बैलेस्टिक मिसाइलों से हमला हुआ है। कीव के अलावा यूक्रेन के खारकीव शहर में ब्लास्ट हुए है। आपको बता दें कि, गुरूवार को भी डोनेस्क में पांच धमाके हुए थे। यह वहीं 2 इलाकों में से एक ही जिसपर रूस ने एक नए देश के रूप में मान्यता दी है।
Live Blog
Today 11:01 | रूस ने यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर की गोलाबारी, आग लगीरूसी बलों ने यूक्रेन के एनेर्होदर शहर में हमले तेज कर दिए हैं और इसी क्रम में यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हुई गोलाबारी के बाद आग लग गई है। संयंत्र में आग लगने के बाद वहां से विकिरण फैलने का खतरा पैदा हो गया है। संयंत्र के प्रवक्ता एन्ड्री तुज ने यूक्रेनी टेलीविजन को बताया कि गोले सीधे प्रतिष्ठान पर गिर रहे हैं और इससे छह रिएक्टर में से एक में आग लग गयी है। हालांकि इस रिएक्टर में मरम्मत का काम चल रहा था और यह बंद था,लेकिन इसके अंदर परमाणु ईंधन मौजूद है। यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने ट्वीट किया कि अग्निशमन दस्ता वहां नहीं पहुंच पा रहा है क्योंकि उन्हें गोली मारी जा रही है। विदेश मंत्री ने रूस से हमले रोकने और अग्निशमन दल को अंदर जाने देने की अपील की है। तुज ने एक वीडियो संदेश में कहा,‘‘ हम मांग करते हैं कि वे भारी हथियारों से की जा रही गोलाबारी बंद करें। |
Today 09:59 | कीव में एक भारतीय छात्र गोली लगने से हुआ घायल : वीके सिंहनागर विमानन राज्य मंत्री वी के सिंह ने शुक्रवार को बताया कि यूक्रेन की राजधानी कीव में एक भारतीय छात्र कथित तौर पर गोली लगने से घायल हो गया है। सिंह, इस समय युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए उसके पड़ोसी देश पोलैंड में हैं। मंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ आज, हमें पता चला है कि कीव छोड़कर जा रहे एक छात्र को गोली लग गई है। उसे वापस कीव ले जाया गया है। युद्ध में ऐसा होता है।’’ गौरतलब है कि एक मार्च को यूक्रेन के खारकीव में गोली लगने से कर्नाटक के छात्र नवीन एसजी की मौत हो गई थी। वह घटना के वक्त अपने और साथी छात्रों के लिये भोजन लेने बाहर निकला था। सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रही है कि कम से कम नुकसान के साथ अधिक से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर आ सकें। भारत, रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से युद्धग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों को रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के रास्ते स्वदेश ला रहा है। |
Today 09:58 | यूक्रेन में रूसी हमले का शिकार बने परमाणु ऊर्जा संयंत्र में कोई विकिरण परिवर्तन नहीं : आईएईएअंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) का कहना है कि यूक्रेन में रूसी सेना के हमले का शिकार हुए परमाणु ऊर्जा संयंत्र में विकिरण के स्तर में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। आईएईए ने यूक्रेन के परमाणु ऊर्जा नियामक के हवाले से ट्वीट कर शुक्रवार को यह जानकारी दी। आईएईए ने टि्वटर पर कहा कि उसके महानिदेशक मारियानो ग्रॉसी जपोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र की मौजूदा स्थिति को लेकर यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्मीगल और यूक्रेनी परमाणु ऊर्जा नियामक और संचालक के लगातार संपर्क में बने हुए हैं। आईएईए के महानिदेशक ने दोनों पक्षों से गोलाबारी बंद करने की अपील करते हुए कहा कि यदि परमाणु ऊर्जा को निशाना बनाया गया तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। |
Today 09:26 | अमेरिकी प्रशासन ने देश में मौजूद यूक्रेनी नागरिकों को मानवीय सहायता की पेशकश कीअमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने देश में मौजूद यूक्रेन के लोगों को बृहस्पतिवार को मानवीय सहायता की पेशकश की,जो हजारों लोगों को उनके युद्धग्रस्त देश भेजे जाने से उनकी रक्षा कर सकता है। संघीय कार्यक्रम ‘टेंपरेरी प्रोटेक्टेड स्टेटस’ (अस्थायी संरक्षित दर्जा) के तहत यूक्रेन के नागरिक 18 महीने तक देश में रह सकते हैं। संरक्षण का पात्र होने के लिए किसी व्यक्ति का कम से कम मंगलवार से अमेरिका में होना आवश्यक है। प्रशासन ने कहा कि यूक्रेन में रूसी आक्रमण के कारण यह फैसला किया गया है। आक्रमण से एक बड़ा मानवीय संकट पैदा हो गया है, जिससे 10 लाख से अधिक लोग देश छोड कर चले गए हैं। गृह सुरक्षा मंत्री एलेजांद्रो एन. मयोरकास ने कहा, ‘‘ यूक्रेन पर रूस के पूर्व नियोजित और अकारण हमले के परिणामस्वरूप वहां युद्ध तथा बेवजह की हिंसा का मंजर है, जिस कारण यूक्रेन के नागरिक दूसरे देशों में पनाह लेने को मजूबर हो गए हैं।’’ |
Today 08:43 | क्वाड बैठक ने यूक्रेन संकट पर भारत और अमेरिका के बीच मतभेदों की अटकलों पर विराम लगायाप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन समेत क्वाड के नेता बृहस्पतिवार को नयी मानवीय सहायता और आपदा राहत तंत्र बनाने पर राजी हो गए, जिससे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण यह गठबंधन हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भविष्य की मानवीय चुनौतियों से निपटने और संवाद के लिए एक चैनल बना सकेगा। इन नेताओं ने यूक्रेन में बढ़ते संकट से निपटने पर भी चर्चा की। यूक्रेन संकट के मुद्दे पर भारत और अमेरिका के बीच मतभेद होने की सभी अटकलों को खारिज करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के साथ यूक्रेन-रूस संकट पर संयुक्त बयान जारी किया। |
Today 08:42 | पुतिन ने हमले रोकने से इनकार किया: मैक्रोंफ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन पर हमले रोकने के लिए एक बार फिर कहा है, लेकिन पुतिन अभी ऐसा नहीं करेंगे। मैक्रों ने ट्वीट किया, ‘‘इस समय तो उन्होंने इससे इनकार किया है।’’ फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने पुष्टि की कि उन्होंने बृहस्पतिवार को पुतिन से फोन पर बात की थी और कहा कि वह संवाद जारी रखेंगे ताकि और अधिक मानवीय त्रासदी नहीं हो। |
Today 08:41 | यूक्रेन में फंसे 185 भारतीय नागरिकों को बुखारेस्ट से लेकर विशेष विमान मुंबई पहुंचायुद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे 185 यात्रियों को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से लेकर एक विशेष विमान बृहस्पतिवार देर रात मुंबई पहुंचा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। केन्द्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने ‘एअर इंडिया एक्सप्रेस’ के विमान से आए लोगों का हवाई अड्डे पर स्वागत किया। विमान बृहस्पतिवार देर रात दो बजे हवाई अड्डे पर पहुंचा था। अधिकारी ने बताया कि मुंबई पहुंचा यह चौथा निकासी विमान था। बुडापेस्ट से एक और विमान के शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे यहां पहुंचने की उम्मीद है। |