क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

मोदीनगर : भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर में शुक्रवार रात रोडरेज की घटना के बाद बवाल हो गया। दो पक्षों के दो दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से एक दूसरे पर हमला बोल दिया। इस दौरान जमकर पथराव भी हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कर दस आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर वीडियोग्राफी भी कराई गई। 25 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपितों की तलाश में भी पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गांव सैदपुर में शुक्रवार रात एक आयोजन था, जिसमें शामिल होने के लिए मेरठ के सिवालखास, लिसाड़ी गेट समेत आसपास के तमाम गांवों से लोग आए थे। यह से काम निपटाने के बाद सिवालखास से आए लोग निजी बस से अपने घर जाने लगे। इस बीच जब वे सैदपुर से थोड़ी दूरी पर पहुंचे तो उनकी बस की सैदपुर के ही एक युवक की कार से टक्कर हो गई। इससे गुस्साए दोनों पक्ष के लोग वाहनों से उतरे और गाली-गलौज करने लगे। थोड़ी देर में बात मारपीट तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने फोन कर अपने साथियों को वहां बुला लिया। जो लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। बचाव में एक-दूसरे पर पथराव भी किया गया। वाहन में भी तोड़-फोड़ हुई। सूचना पर पुलिस में भी हड़कंप मच गया। एएसपी मानुष पारिक भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। वहां बल प्रयोग कर लोगों को शांत किया। पुलिस को मौके पर देख कुछ लोग तो वहां से भाग गए। कुछ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनकी निशानदेही पर दबिश देकर पुलिस ने दस आरोपितों को गिरफ्तार किया। एएसपी ने बताया कि मामले में पुलिस की तरफ से सुहैल, आरिफ, इमरान, रफीक, अखलाक, शाह आलम, नफीस, अबरार, दिलशाद, आमिर, मेहरबान, शमीम, कल्लू, अनीस, सलीम, जब्बार, आफताब, अफजाल, इरशाद, पप्पू, राहुल, शहजाद, असलम, इलियास, अहसान समेत 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें दस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जल्दी ही अन्य की भी गिरफ्तारी होगी। वीडियोग्राफी के आधार पर अन्य नाम भी मुकदमे में शामिल किए जाएंगे।