क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141
मोदीनगर: भोजपुर गांव में किसान की दो बीघा जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा कराने के मामले में अभी तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित डीएम व एसएसपी से भी मामले की शिकायत कर चुके हैं। लेकिन, पुलिस मुकदमा दर्ज कर शांत बैठी है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस की आरोपितों के साथ मिलीभगत है। इसलिए उनकी गिरफ्तारी नहीं हो रही है। पीड़ित ने चेतावनी दी है कि यदि जल्दी ही आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे धरने पर बैठ जाएंगे। बता दें कि गांव भोजपुर के कंवरपाल किसान हैं। गांव में ही उनके खेत हैं। उनके मुताबिक गांव का एक व्यक्ति तीस अप्रैल को उन्हें अपने साथ ले गया था। आरोप है कि रास्ते में आरोपित ने उन्हें नशीला पदार्थ दे दिया। इसके बाद उनके अंगूठे का निशान दो बीघा जमीन के दस्तावेज पर ले लिया। इसी तरह उनसे उनसे दो बीघा जमीन का फर्जी बैनामा करा लिया। जबकि, उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। बेहोशी की हालत में ही आरोपित उन्हें गांव में फेंक गए थे।
देर रात परिवार के लोगों ने उन्हें खोज कर अस्पताल में भर्ती कराया था। उस समय उनके अंगूठे पर स्याही का निशान लगा मिला था। मामले की शिकायत उन्होंने भोजपुर थाने में की थी, जिस पर पुलिस ने कुछ ही दिन बाद मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद इसमें तीन-चार आरोपितों के नाम बढ़ाए गए। लेकिन, किसी आरोपित की पुलिस ने गिरफ्तारी नहीं की। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित गांव के लोगों के साथ डीएम व एसएसपी से भी शिकायत कर चुके हैं। मामले में भोजपुर थाना प्रभारी व एएसपी मानुष पारिक ने बताया कि मुकदमे में विवेचना चल रही है। विवेक साक्ष्य जुटा रहे हैं। जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसे तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।