हिंसा के बाद एक्शन में यूपी पुलिस, अब तक 136 गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई

 क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141

Police march
उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के सार्थक प्रयासों के बावजूद कुछ लोगों द्वारा जानबूझ के शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयास किए गए। इस संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए शाम 7:30 बजे तक 109 लोगों की गिरफ़्तारी की जा चुकी है।


पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ नूपुर शर्मा के कथित टिप्पणी को लेकर देश भर में आज जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन देखने को मिला। देश के कई शहरों से हिंसा की खबरें भी आईं। इन सबके बीच उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, फिरोजाबाद, मुरादाबाद और प्रयागराज में भी पथराव और हिंसा की खबर आई है। इसके बाद से अब उत्तर प्रदेश पुलिस एक्शन में आ चुकी है। उपद्रवियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई की बात की जा रही है। जानकारी के मुताबिक के अब तक के 136 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही साथ उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी हुई है। जिन लोगों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया है उन पर पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि इन लोगों पर FIR दर्ज़ करके गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। ज़िला प्रशासन और पुलिस सतर्क है। 

वहीं, उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के सार्थक प्रयासों के बावजूद कुछ लोगों द्वारा जानबूझ के शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयास किए गए। राज्य में आज विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर अब तक कुल 136 आरोपियों को गिरफ़्तार किया जा चुका है। सहारनपुर से 45, प्रयागराज से 37, हाथरस से 20, मुरादाबाद से 7, फिरोजाबाद से 4 और अंबेडकरनगर से 23 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। ऐसे सभी व्यक्तियों को चिन्हित कर लिया है जिन्होंने तोड़फोड़ की है। इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि साथ ही जिन भी सरकारी, प्राइवेट संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया है उसकी वसूली भी की जाएगी और गैंगस्टर एक्ट के तहत इनकी संपत्तियों को भी ज़ब्त किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और सहारनपुर जिलों में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भाजपा की निलंबित नेता नुपुर शर्मा द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर जुमे की नमाज के बाद लोगों ने नारेबाजी और पथराव किए। वहीं बिजनौर में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि आज जुमे की नमाज के बाद खुल्दाबाद और करेली थाना क्षेत्रों में विशेष समुदाय के लोगों ने नारेबाजी की और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। उन्होंने बताया कि हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में है लेकिन पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।