क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

राज्यसभा के 10 जून को होने वाले चुनाव के लिए 41 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। ये निर्वाचित प्रत्याशी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब एवं तमिलनाडु से हैं।
राज्यसभा के 10 जून को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव (Rajya Sabha Elections 2022) के लिए नामांकन दाखिल करने वाले 41 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। ये निर्वाचित प्रत्याशी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब एवं तमिलनाडु से राज्यसभा पहुंचे हैं। विजयी उम्मीदवारों में भाजपा, कांग्रेस, आप, रालोद, सपा, झामुमो, द्रमुक, अन्नाद्रमुक एवं वाईएसआर कांग्रेस पार्टियों के अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। 3 जून नाम वापसी का अंतिम दिन था।
राज्यसभा के लिए उत्तर प्रदेश से भाजपा के आठ सदस्यों सहित 11 सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। चुने गए आठ भाजपा सदस्यों में लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, सुरेंद्र नागर, डॉ. के. लक्ष्मण, मिथिलेश कुमार, बाबूराम निषाद, संगीता यादव एवं दर्शन सिंह हैं। कपिल सिब्बल को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुना गया है। वहीं, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी को भी निर्वाचित घोषित किया गया है। दोनों को समाजवादी पार्टी के समर्थन से चुना गया है। समाजवादी पार्टी के जावेद अली भी चुने गए हैं। निर्वाचन अधिकारी बृजभूषण दुबे ने निर्वाचित सदस्यों को उनके प्रमाण पत्र दिए।
झारखंड : झामुमो के माजी, भाजपा के साहू ने लिया सर्टिफिकेट
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महुआ माजी और भाजपा के आदित्य साहू को शुक्रवार को झारखंड से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। माजी और साहू की संसद के उच्च सदन में यह पहली पारी होगी। झारखंड विधानसभा के सचिव और चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी सैयद जावेद हैदर ने नतीजों की घोषणा की। माजी पहले झारखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष थीं। वह झामुमो की महिला इकाई की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। झामुमो नेता ने पूर्व में रांची विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गई थीं। राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा में झामुमो के 30 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 17 विधायक तथा मुख्य विपक्षी दल भाजपा के 26 विधायक हैं।
पंजाब : आप के सीचेवाल और साहनी चुने गए
राज्यसभा चुनाव में पंजाब से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों पर्यावरणविद बलबीर सिंह सीचेवाल और उद्यमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता विक्रमजीत सिंह साहनी को निर्विरोध चुन लिया गया है। पंजाब विधानसभा के निर्वाचन अधिकारी सह सचिव सुरिंदर पाल ने बताया कि सीचेवाल और साहनी दोनों को निर्विरोध विजेता घोषित किया गया है। आप ने राज्यसभा की दो सीटों के लिए सीचेवाल और साहनी को नामित किया था। पंजाब से राज्यसभा सदस्यों अंबिका सोनी (कांग्रेस) और बलविंदर सिंह भुंडर (शिअद) का कार्यकाल 4 जुलाई को समाप्त होगा।
मध्यप्रदेश : तन्खा, सुमित्रा और कविता राज्यसभा पहुंचे
वरिष्ठ वकील एवं कांग्रेस नेता विवेक तन्खा, भाजपा की महिला नेता कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मीकि को शुक्रवार को मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।