अंतर्राष्ट्रीय योगा डे पर सिखाए निरोगी रहने के मंत्

  क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141

-  योग शिविर में 100 प्रतिभागियों को बांटी निशुल्क टी-शर्ट





गाजियाबाद न्यूज।
 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को वसुंधरा 14 ए स्थित सेंट्रल पार्क में योगा एवं मेडिटेशन कैंप लगाया गया, जिसमें रजिस्टर्ड 100 प्रतिभागियों को निशुल्क टी शर्ट बांटी गई। अरहिंत चैरिटेबल हॉस्पिटल सोसायटी और जैन हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर वसुंधरा की ओर से आरएचएएम फाउंडेशन एंड रोटरी हेल्थ अवेयरनेस मिशन के सौजन्य से सुबह करीब 6 बजे शिविर की शुरुआत हुई। इसमें बतौर मुख्य अतिथि चेयरमैन गाजियाबाद जिला पंचायत लक्ष्मी मावी ने शिरकत की। उन्होंने आरएचएएम के राष्ट्रहित में किए जाने वाले कार्यो की जमकर तारीफ की। इसके साथ ही रोजाना योग करने के लिए लोगों को जागरूक किया। इसमें योगा ट्रेनर डॉ आयुष चंद्र ने सभी को योगाभ्यास कराया और भागदौड़ भरी जिदंगी में योग कितना जरूरी है इसकी प्रासंगिकता को समझाया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी रोजाना की दिनचर्या में योग को जरूर शामिल करना चाहिए। योग बीमारियों को भगाने के लिए सबसे कारगर उपाय है। उन्होंने कई तरह के आसनों का अभ्यास कराया। आरएचएएम फाउंडेशन के फाउंडर डॉ धीरज भार्गव ने कहा कि सुखी व निरोगी जीवन के लिए योग बहुत जरूरी है। योग से इंसान शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। इसलिए रोजाना सुबह व शाम योगाभ्यास करने के लिए समय जरूर निकालना चाहिए। योग ऋषि-मुनियों की परंपरा है और इसके महत्व को समझने और जानने की जरूरत है।

योग डे और मेडिटेशन कैंप में रोटरी क्लब ऑफ इंदिरापुरम गैलोर से प्रतीक भार्गव और रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद सेफरोन की अध्यक्ष कुनिका भार्गव ने भी अपना पूरा सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में योग का बड़ा महत्व है। योग से शरीर ही स्वस्थ नहीं रहता है बल्कि इंसान आध्यात्मिकता की ओर भी बढ़ता है। वहीं, आरएचएएम फाउंडेशन की ट्रेजरार मनीषा भार्गव ने भी योग और ध्यान के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ पीके जैन ने कहा कि अपने रोजमर्रा के व्यस्त जिंदगी से रोजाना कुछ समय योगाभ्यास के लिए जरूर निकालना चाहिए। योग में रोगों को खत्म करने की शक्ति छिपी है और हर व्यक्ति को योग की अहमियत को समझना चाहिए। इसके साथ ही मेडिटेशन में इंसान को ईश्वर से जोड्ने की शक्ति भी छिपी हुई है। इस मौके पर  आरएचएएम फाउंडेशन के सचिव रो दयानंद शर्मा, रो अपूर्व राज, रो सोनाक्षी बंसल, डॉ पीके जैन और लक्ष्मी मावी मौजूद रहे। योगा एवं मेडिटेशन कैंप में आसपास के लोगों ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। भारत माता के जयकारों के साथ योगा एवं मेडिटेशन कैंप का समापन किया गया। आरएचएएम फाउंडेशन के फाउंडर एवं समाजसेवी डॉ धीरज भार्गव ने योगा कैंप के सफल आयोजन के लिए सभी आगंतुकों का आभार जताया।