क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

गाजियाबाद. कविनगर थानाक्षेत्र में एक आठ वर्षीय बच्चे का जबरन धर्म परिवर्तन कराने संबंधित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। लखनऊ पुलिस मुख्यालय से मामले का संज्ञान लेकर गाजियाबाद पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, राजेश नामक युवक ने ट्वीट किया कि एक आठ साल का अनाथ बच्चा, जिसे दो माह पहले एक समुदाय विशेष के युवक ने गोद लिया था। वह उसे बुलंदशहर ले गया। पहले उसके साथ बुरा व्यवहार किया गया। बच्चे को रोज पीटा जाता था।
आरोप है कि अब उसका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इस संबंध में 19 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ। सीओ कविनगर अवनीश कुमार ने बताया कि बच्चे और वीडियो पोस्ट करने वाले के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उनसे पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं जिस युवक पर आरोप लगा है। उस संबंध में भी जांच की जा रही है।
युवक के क्रेडिट कार्ड से 60 हजार निकाले
युवक के क्रेडिट कार्ड से 60 हजार रुपये निकाले गए। मामला मधुबन-बापूधाम थानाक्षेत्र का है। कमला नेहरू नगर में रहने वाले पीडि़त ने बताया कि उनके पास आरबीएल बैंक का क्रेडिट कार्ड है। उनका क्रेडिट कार्ड उनके पास होने के बावजूद 21 अप्रैल 2022 को जालसाजों ने छह बार में 60 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में एसएसपी के आदेश पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है।