क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

लखनऊ। कानपुर में हुए हंगामे के बाद प्रदेशभर में हाई अलर्ट है। डीजीपी मुख्यालय ने जुमे की नमाज को लेकर पूरे प्रदेश में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस धर्म गुरुओं से बात भी कर रही है और अराजकतत्वों पर नजर रख रही है। कोई भी गड़बड़ी करेगा उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसके तहत गुरुवार को जेसीपी कानून और व्यवस्था ने पुराने लखनऊ में पुलिस अधिकारियों के साथ पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था परखी।
डीसीपी पश्चिम सोमेन बर्मा ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कर्मियों को मुस्तैद किया गया है। अराजकतत्वों पर नजर रखी जा रही है। इंटरनेट मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने गुरुवार को ड्रोन कैमरे के जरिये अलग-अलग स्थानों पर जांच की। इस दौरान मकानों की छतों का भी कैमरे की मदद से निरीक्षण किया गया।
इस दौरान आठ मकानों की छतों पर ईंट और मलबा पाया गया। पुलिस ने उन मकान मालिकों को नोटिस देकर उनसे जवाब मांगा है। शहर की 550 मस्जिदों के आसपास सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। अलग-अलग थानों में गुरुवार को धर्म गुरुओं के साथ पुलिस ने बैठक की। पुराने शहर को 37 सेक्टर में बांटा गया है।
इसके अलावा 61 संवेदनशील स्थान चिह्नित किए गए हैं। डीसीपी ने कहा कि माहौल बिगाडऩे की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं बहराइच और हरदोई में इंटरनेट मीडिया पर भडकाऊ पोस्ट डालकर माहौल बिगड़ने की साजिश को पुलिस ने नाकाम करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।