क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

नड्डा ने कहा कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को लेकर संसदीय बोर्ड की बैठक में 20 नामों पर चर्चा की गई और अंतत: इस बात पर सहमति बनी कि राजग को इस संवैधानिक पद के लिए देश के पूर्वी इलाके से किसी महिला को प्रत्याशी बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि चूंकि आज तक कोई आदिवासी राष्ट्रपति के रूप में नहीं आया है इसलिए राजग ने द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। नड्डा ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार को लेकर विभिन्न दलों के बीच सहमति बनाने के लिए पार्टी की तरफ से राजनाथ सिह और उन्हें अधिकृत किया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘सभी दलों से बातचीत करके राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सर्वसम्मति बनाते हुए हम आगे बढ़ना चाहते थे। राजनाथ सिंह ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के घटक दलों के नेताओं के साथ बातचीत की। मैंने भी बातचीत की। लेकिन बात नहीं बन सकी।’’
आपको बता दें कि आज ही विपक्ष की ओर से भी राष्ट्रपति उम्मीदवार की घोषणा कर दी गई है। विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति में अपना उम्मीदवार बनाया है।
PM मोदी का ट्वीट
इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्वीट भी आ गया है। अपने ट्वीट में मोदी ने लिखा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने अपना जीवन समाज की सेवा और गरीबों, दलितों के साथ-साथ हाशिए के लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। उनके पास समृद्ध प्रशासनिक अनुभव है और उनका कार्यकाल उत्कृष्ट रहा है। मुझे विश्वास है कि वह हमारे देश की एक महान राष्ट्रपति होंगी। उन्होंने आगे लिखा कि लाखों लोग, विशेष रूप से वे जिन्होंने गरीबी का अनुभव किया है और कठिनाइयों का सामना किया है, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के जीवन से बड़ी शक्ति प्राप्त करते हैं। नीतिगत मामलों की उनकी समझ और दयालु स्वभाव से हमारे देश को बहुत लाभ होगा।