क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141
लखनऊ। देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। दूरदर्शन ने भी इसमें अपनी भूमिका का निर्वाह करते हुए 550 से भी अधिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अदम्य साहस की गाथाओं को पुन: जीवंत करने और गुमनाम नायक नायिकाओं से युवा पीढ़ी को परिचित कराने का प्रयास किया है।
75 एपिसोड का धारावाहिक 'स्वराज-भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा' 14 अगस्त से हर रविवार, रात नौ से 10 बजे दूरदर्शन के डीडी नेशनल चैनल पर प्रसारित होगा। दूरदर्शन लखनऊ में केंद्राध्यक्ष अनुपम स्वरूप, संयुक्त निदेशक (समाचार) गार्गी मलिक, कार्यक्रम प्रमुख रमा अरुण त्रिवेदी, सहायक निदेशक कार्यक्रम आत्म प्रकाश मिश्र और पीआइबी के उप निदेशक एमएस यादव आदि की उपस्थिति में प्रसारण से पूर्व शुक्रवार को दूरदर्शन केंद्र लखनऊ ने धारावाहिक 'स्वराज' की स्क्रीनिंग की गई।'स्वराज- भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा' कार्यक्रम को गहन शोध के बाद तैयार किया गया है। 1498 में वास्को-डी-गामा के भारत आने से शुरू होकर ये सीरियल इस धरती के वीर-वीरांगनाओं की समृद्ध गाथा प्रस्तुत करेगा। स्वतंत्रता संग्राम की इन गाथाओं को जीवंत करने के लिए देश के सभी कोनों से जानकारियां और दस्तावेज एकत्र किए गए हैं।
इन भाषाओं में होगा प्रसारित : मूल रूप से हिंदी भाषा में निर्मित यह धारावाहिक तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम, मराठी, गुजराती, उड़िया, बंगाली और असमिया क्षेत्रीय भाषाओं में 20 अगस्त से प्रसारित होगा। सप्ताह के दौरान एपिसोडों का पुन: प्रसारण भी किया जाएगा। इस सीरियल को 20 अगस्त से हर शनिवार दिन में 11 बजे से आकाशवाणी के विभिन्न केंद्रों द्वारा भी प्रसारित किया जाएगा।
भूले बिसरे नायकों की गाथा : धारावाहिक में मंगल पांडे, रानी लक्ष्मीबाई, भगतसिंह, महाराज शिवाजी, तात्या टोपे, मैडम भीकाजी कामा जैसे प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी से लेकर अनसुने और भूले-बिसरे नायकों और वीरांगनाओं जैसे रानी अबक्का, बक्शी जगबंधु, तिरोत सिंह, सिद्धो कान्हो मुर्मु, शिवप्पा नायक, कान्हो जी आंग्रे , रानी गाइदिन्ल्यू और तिलका मांझी जैसे वीर योद्धाओं की कहानियां भी शामिल की गई हैं।
अमित शाह और अनुराग ठाकुर ने किया था शुभारंभ
हाल ही में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आकाशवाणी भवन में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डा. एल. मुरुगन, सूचना एवं प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा और प्रसार भारती के सीईओ मयंक अग्रवाल की उपस्थिति में धारावाहिक ‘स्वराज- भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा’ का शुभारंभ किया था।
इस सीरियल का आरंभ उस दौर से होता है जब 1498 में वास्को-डी-गामा ने भारत की धरती पर कदम रखा था। फिर पुर्तगालियों, फ़्रांसीसियों, डच और अंग्रेजों ने भारत में उपनिवेश स्थापित करने के प्रयत्न किए। उस दौर से प्रारंभ होकर भारत के आजाद होने तक के संघर्ष और हमारे स्वाधीनता के नायकों की गौरव गाथा को इस सीरियल में संजोया गया है।