क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141
मोदीनगर : सीमा विस्तार होने के बाद मोदीनगर नगर पालिका में नौ वार्ड बढ़ गए हैं। अब मोदीनगर में कुल 35 वार्ड हो गए हैं। इससे पहले यहां 26 वार्ड थे। उधर, मुरादनगर के जलालपुर, सरना, असालतनगर के लोगों के लिए निराशाजनक खबर है। सीमा विस्तार होने के बाद यहां एक भी वार्ड का इजाफा नहीं हुआ है। यहां पहले की तरह 25 वार्ड ही हैं। इसी के चलते राजनीतिक दृष्टिकोण से ग्रामीण तबके को नुकसान माना जा रहा है।
जो लोग ग्रामीण व शहर की राजनीति में रुचि रखते हैं। वह इसको बड़ा नुकसान बता रहे हैं। उनका कहना है कि शहरी लोगों ने जो लोगों के बीच अपनी पैठ बनाई है। वह राजनीति में ग्रामीण आबादी को आगे आने नहीं देंगे। ग्रामीण क्षेत्र की राजनीति करने वाले लोग खुद इसको बड़ा नुकसान बता रहे हैं। उनका कहना है कि आंकड़ों में आबादी और क्षेत्रफल कम बढ़ा दिखाया गया है। जबकि, वास्तव में स्थिति कुछ और है। मोदीनगर की तरह यहां भी वार्डों में इजाफा होना चाहिए था। जिसके चलते ग्रामीणों में भी समानता का भाव रहता। सरना गांव के रहने वाले जिला पंचायत सदस्य अमित त्यागी कहते हैं कि अधिकारियों ने आबादी और क्षेत्रफल की सही गणना न करके देहात क्षेत्र के लोगों के साथ भेदभाव किया है। कम से कम सीमा विस्तार होने के बाद मुरादनगर में पांच से सात वार्डों का इजाफा होना चाहिए था। एसडीएम शुभांगी शुक्ला ने बताया कि सीमा विस्तार होने के बाद मोदीनगर में नौ वार्डों का इजाफा हो गया है। सीमा विस्तार की कमोबेश सभी प्रक्रिया पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही इन क्षेत्रों में विकास का पूरा खाका तैयार किया जाएगा।