क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141
मोदीनगर : भोजपुर पुलिस ने चेकिग के दौरान बुधवार रात एक वाहन चोर को दबोच लिया। उसके कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद हुई है। इन वाहनों को आरोपित ने नोएडा व मेरठ से चोरी किया था। आरोपित की तलाशी लेने पर उससे चाकू व लाक तोड़ने का उपकरण भी मिला है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
भोजपुर थाना प्रभारी व डीएसपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित संभल जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र स्थित गांव खगुपुरा का शाबिर खां है। जबकि, इसके दो साथी संभल जिले के रजपुरा के सुशील व युनुस फरार हैं। तीनों आरोपित गिरोहबंद तरीके से घटनाओं को अंजाम देते हैं। गिरोह का सरगना शाबिर खां है। बुधवार रात पुलिस टीम भोजपुर क्षेत्र में चेकिग कर रही थी। इस बीच आरोपित शाबिर वहां से गुजर रहा था। पुलिस को उसके वाहन पर संदेह हुआ तो उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन, आरोपित ने पुलिस को देख अपनी बाइक दौड़ा दी। पीछा करते हुए पुलिस ने थोड़ी ही दूरी पर आरोपित को पकड़ लिया। वाहन के नंबर की जांच की तो पता चला यह बाइक तो चोरी की है। तुरंत आरोपित को पकड़कर पुलिस थाने ले आई। आरोपित ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी करता था। एक जिले से वाहन चोरी कर उसे दूसरे जिले में बेच आता था। उसकी निशानदेही पर चोरी की एक बाइक और बरामद हुई, जिसे उसने नोएडा से चोरी किया था।